गुना , अक्टूबर 23 -- मध्यप्रदेश में गुना पुलिस ने नाबालिग बच्चों को निशाना बनाने और उनके साथ अप्राकृतिक कृत्य करने के आरोपी शिवकुमार रघुवंशी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पर बच्चों के अपहरण और हत्या से जुड़े गंभीर आरोप हैं। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, कैंट थाना क्षेत्र के गुलाबगंज में स्कूल जाने के लिए निकले 10 वर्षीय बालक को आरोपी कथित रूप से अगवा कर जंगल में ले गया और पेड़ से बांध दिया। आरोपी के शराब पीने के बाद सो जाने पर बालक उसके चंगुल से भाग निकला और घर पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी।
परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी आरोन क्षेत्र के एक गांव का निवासी बताया गया है।
गुना सीएसपी सैफा हाशमी के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने इससे पहले भी बच्चों के साथ ऐसी हरकतें करने और बच्चों की हत्या में शामिल होने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध अपहरण, हत्या और अप्राकृतिक कृत्य से संबंधित मामले दर्ज हैं। पुलिस इन घटनाओं और आरोपी के कथित कबूलनामे की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित