गुना , अक्टूबर 15 -- मध्यप्रदेश के गुना स्थित क्राइस्ट सीनियर सेकेंडरी स्कूल में फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता के दौरान एक छात्रा द्वारा सरकार की आलोचना से संबंधित संदेश लिखी तख्ती पहनने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने स्कूल प्रबंधन से संबंधित शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, प्रतियोगिता में छात्रा ने गले में तख्ती पहन रखी थी, जिस पर "सरकार की पाठशाला में भ्रष्टाचार प्रेजेंट, लोकतंत्र एब्सेंट" सहित सरकार की नीतियों की आलोचना करने वाले संदेश लिखे थे। तख्ती सामने आने के बाद कुछ हिंदूवादी संगठनों ने आपत्ति जताते हुए स्कूल प्रबंधन से जवाबदेही तय करने की मांग की।

विवाद के बाद स्कूल प्रबंधन ने संबंधित शिक्षक से जवाब मांगा है। हालांकि, संदेश किसके निर्देश पर तैयार किया गया और इसमें शिक्षक की भूमिका क्या थी, इस संबंध में विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित