धार , फरवरी 27 -- मध्यप्रदेश के धार जिले की धरमपुरी तहसील के ग्राम दूधी में 6 दिन पहले हुई लूट के मामले में पुलिस को सफलता मिल गई है।
गुना जिला निवासी मिर्ची व्यापारी से हुई लूट की वारदात में शामिल तीन बदमाशों को धामनोद पुलिस टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। बदमाशों ने रात के अंधेरे में व्यापारी से मारपीट कर घटना को अंजाम दिया था, लूट के बाद भागने के दौरान बदमाश एक कैमरे की रिकार्डिंग में नजर आ गए थे। जांच के बाद अब पुलिस गिरफ्त में आरोपी आ चुके है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक लाख 95 हजार रुपए नगद, घटना में प्रयुक्त बाइक को बरामद कर लिया है। थाने की कार्रवाई पूरी होने के बाद आरोपियों को अदालत के समक्ष पेश किया जाएगा। बताया जा रहा है कि तीनों आरोपी नशे के आदी हैं, अपने शौक पूरे करने के लिए उन्होंने ये लूट की थी।
पिछली 22 जनवरी को गुना जिले के रूठियाई निवासी प्रेमनारायण साहू इंदौर से पेपर वाहन में बैठकर रात करीब 3 बजे दूधी गांव पेट्रोल पंप के पास पहुंचा। वहां से वह पैदल जैतापुर मिर्ची मंडी की ओर जा रहा था। जैसे ही वह दुग्ध डेयरी के पास पहुंचा, तभी मिर्ची मंडी की ओर से मोटर साइकिल पर सवार तीन युवक वहां आए और बातचीत करने लगे। इसके बाद आरोपियों ने उसका बैग छीनने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपियों ने व्यापारी के साथ मारपीट की, जिससे उसके दाहिने घुटने, हाथ की उंगली और गाल पर चोटें आईं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित