नयी दिल्ली , फ़रवरी 13 -- दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने शुक्रवार को कहा कि उनकी सरकार का लक्ष्य है कि प्रत्येक नागरिक को उसके घर के निकट सुलभ, सस्ती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो।

श्री सूद ने आज जनकपुरी विधानसभा के अंतर्गत प्रेम नगर में नवनिर्मित "आयुष्मान आरोग्य मंदिर" का उद्घाटन किया। यह जनकपुरी में बनने वाला 5वां आरोग्य मंदिर है।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह आरोग्य मंदिर केवल एक भवन नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुँचाने की दिल्ली सरकार की उस प्रतिबद्धता का प्रतीक है जिसके अंतर्गत स्वास्थ्य के क्षेत्र को और अधिक सुदृढ़ किया जा रहा है तथा दिल्ली के प्रत्येक नागरिक तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के निरन्तर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि इस आरोग्य मंदिर में वर्तमान में 14 प्रकार के लैब टेस्ट उपलब्ध हैं। शीघ्र ही आउटसोर्स सेवाओं के माध्यम से परीक्षणों की संख्या 100 तक हो जाएगी। इसके साथ ही मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं के अंतर्गत गर्भावस्था के दौरान नियमित जांच, प्रसवोत्तर देखभाल, शिशुओं के विकास की निगरानी तथा पोषण संबंधी परामर्श भी उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके साथ ही 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं के लिए टीकाकरण और इम्युनाइजेशन सेवाएं नियमित रूप से प्रदान की जा रही हैं।

श्री सूद ने कहा कि यहाँ पर डायबिटीज और उच्च रक्तचाप की नियमित जांच के साथ साथ कैंसर की प्रारंभिक स्क्रीनिंग, नियमित निगरानी एवं फॉलो-अप की सुविधा भी केंद्र में उपलब्ध है। जीवनशैली से संबंधित रोगों की रोकथाम, मानसिक स्वास्थ्य परामर्श तथा समय-समय पर विशेषज्ञों द्वारा स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन भी यहां किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वह शीघ्र ही जनकपुरी के लोगों को उनके घर तक ही स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के लिए मोबाइल डिस्पेंसरी सेवा भी शुरू करने जा रहे हैं जिसके माध्यम से योग्य डॉक्टर, आवश्यक दवाइयां और जांच सुविधाएं सीधे यहां की गली-मोहल्लों तक पहुंचेंगी।

उन्होंने कहा कि 40-45 वर्ष की आयु के बाद प्रत्येक व्यक्ति को हर छह माह में नियमित स्वास्थ्य जांच अवश्य करानी चाहिए। निजी अस्पतालों में इस प्रकार के हेल्थ पैकेज पर लगभग 8,000 तक का खर्च आता है। यदि परिवार के चार-पांच सदस्य जांच कराएं तो सालाना खर्च 80,000 तक पहुंच सकता है। लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में सरकार दिल्ली के सभी नागरिकों को निःशुल्क जांच और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में कई स्तरों पर कार्य कर रही है, जिससे आम परिवारों को आर्थिक राहत मिल सके।

उन्होंने कहा कि दिल्ली में सरकार ने 70 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों के लिए आयुष्मान योजना चलाई है। इस योजना के अंतर्गत 70 वर्ष से अधिक आयु के नागरिक 10 लाख तक का स्वास्थ्य बीमा की सुविधा निःशुल्क ले सकते हैं।

पिछली सरकार पर तीखा कटाक्ष करते हुए श्री सूद ने कहा कि उनके समय में स्वास्थ्य मॉडल लोहे के डब्बे में चलता था जिसमे ना तो अनुभवी और योग्य डॉक्टर थे और ना ही पूरा स्टाफ मिलता था। उन मोहल्ला क्लीनिक में समय पर मरीज को दवा भी नहीं मिल पाती थी । यह लोहे के डब्बे ऐसी जगह बनाए गए थे जहाँ पर आसानी से लोग अपने स्वास्थ्य की जांच कराने के लिए पहुंच भी नहीं पाते थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित