पटना , अप्रैल 13 -- बिहार के कृषि मंत्री राम कृपाल यादव ने सोमवार को कहा कि गुणवत्तापूर्ण बीज एवं रोपण सामग्री से बिहार की बागवानी को नई ताकत मिलेगी, इससे कम क्षेत्रफल में अधिक उत्पादन, बेहतर गुणवत्ता, जलवायु-सहनशील खेती और किसान परिवारों की आय में बढ़ोतरी होगी।
मंत्री श्री यादव ने आज बयान जारी कर कहा कि बिहार सरकार राज्य में सब्जियों, मसालों तथा अन्य बागवानी फसलों के लिए गुणवत्तापूर्ण बीज एवं रोपण सामग्री के उपयोग को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक पद्धति से तैयार पौध सामग्री अथवा मानकीकृत, प्रमाणित एवं अधिकृत स्रोतों से प्राप्त रोपण सामग्री अपनाने पर किसान कम क्षेत्रफल में अधिक उत्पादन, बेहतर गुणवत्ता और अधिक बाजार मूल्य प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि उन्नत एवं जलवायु-सहनशील किस्में सूखा, तापमान में उतार-चढ़ाव, असमय वर्षा और रोग-कीट के दबाव जैसी चुनौतियों का बेहतर सामना करती हैं, जिससे खेती का जोखिम घटता है और आय अधिक स्थिर होती है।
कृषि मंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि गुणवत्तापूर्ण रोपण सामग्री फसल की सफलता की पहली शर्त है। उन्होंने कहा कि वास्तविक किस्म, रोगमुक्त पौधे, उच्च अंकुरण एवं जीवंतता, मजबूत स्थापना और समान वृद्धि से प्रति इकाई क्षेत्र उत्पादकता बढ़ती है। यदि इसके साथ वैज्ञानिक नर्सरी प्रबंधन, खेत स्वच्छता, संतुलित पोषण, सूक्ष्म सिंचाई, मल्चिंग, जैव-सुरक्षा तथा समय पर तुड़ाई-पश्चात प्रबंधन जैसी उत्तम बागवानी पद्धतियाँ अपनाई जाएँ, तो उत्पादन लागत घटती है, फसल विफलता का जोखिम कम होता है और प्रसंस्करण एवं निर्यात योग्य उपज प्राप्त होती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित