फरीदाबाद , अक्टूबर 17 -- केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि गुणवत्ता, सुरक्षा और नवाचारको बढ़ावा देने के साथ उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा करने में भारतीय मानकों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
मानकों के प्रभावी अनुपालन से उत्पादों और सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा औद्योगिक विकास को गति देने मेंमदद मिलती है।
भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) के फरीदाबाद शाखा कार्यालय की ओर से शनिवार को फरीदाबाद स्थित रेडिसन ब्लू में विश्व मानक दिवस 2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे कृष्ण पाल गुर्जर ने भारतीय मानकों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और गुणवत्ता संस्कृति को मजबूत करने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में सीमा सुरक्षा बल के डीआईजी ओम प्रकाश और सेवानिवृत्त प्रोफेसर डॉ. रामजप्स विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। बीआईएस के निदेशक एवं प्रमुख एम.के. परमानिक भी उपस्थित रहे। आयोजन में उद्योग जगत, प्रयोगशालाओं, शैक्षणिक संस्थानों, बीआईएस लाइसेंसधारी निर्माताओं और जिला उद्योग केंद्रों सहित विभिन्न क्षेत्रों के 276 प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
इस वर्ष विश्व मानक दिवस की थीम 'एसडीजी 7 : सस्ती एवं स्वच्छ ऊर्जा' रही। इसके तहत सभी के लिए सस्ती, विश्वसनीय, सतत और आधुनिक ऊर्जा की उपलब्धता सुनिश्चित करने में मानकों की भूमिका पर चर्चा की गई। साथ ही ऊर्जा दक्षता बढ़ाने, स्वच्छ ऊर्जा प्रौद्योगिकियों को प्रोत्साहित करने और पर्यावरण अनुकूल औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने में भारतीय मानकों के योगदान पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम में मानकीकरण के प्रभावी अनुपालन, उपभोक्ता विश्वास बढ़ाने और उद्योगों में गुणवत्ता के प्रति जागरूकता विकसित करने पर भी विचार-विमर्श हुआ।
आयोजन का समापन गुणवत्ता, नवाचार, स्वच्छ ऊर्जा और सतत विकास को प्रोत्साहित करने तथा भारतीय मानकों को व्यापक स्तर पर अपनाने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित