भोपाल , मार्च 06 -- मध्यप्रदेश के साँची स्थित बौद्ध-भारतीय ज्ञान अध्ययन विश्वविद्यालय के योग विभाग के 25 छात्रों ने गुजरात के लिंबड़ी में आयोजित तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में शोध पत्र प्रस्तुत कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है।

यह सम्मेलन 27 फरवरी से 01 मार्च 2026 तक "योग, प्राकृतिक चिकित्सा और मनोचिकित्सा के समन्वित दृष्टिकोण से मानसिक कल्याण" विषय पर आयोजित किया गया था। सम्मेलन में योग विभाग के छात्रों ने योग एवं मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने शोध पत्र प्रस्तुत किए, जिसके लिए उन्हें प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किए गए।

सम्मेलन के तकनीकी सत्र की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के योग विभागाध्यक्ष डॉ. उपेन्द्र बाबू खत्री ने की। कार्यक्रम में देशभर से आए विशेषज्ञों और वक्ताओं ने योग अनुसंधान, वैज्ञानिक अध्ययन, अंतरिक्ष में योग के प्रयोग तथा दक्षिणी ध्रुव अंटार्कटिका में वैज्ञानिकों द्वारा किए गए सामूहिक योग जैसे विषयों पर अपने विचार रखे।

सम्मेलन के दौरान विश्वविद्यालय के छात्रों और शोधार्थियों ने ध्यान सत्र सहित विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों में भाग लिया। विद्यार्थियों का दल विभागाध्यक्ष डॉ. उपेन्द्र बाबू खत्री के मार्गदर्शन में अहमदाबाद स्थित अक्षरधाम मंदिर, साबरमती आश्रम, तत्वबोध योग संस्थान और समुत्कर्ष संस्थान का शैक्षणिक भ्रमण करने भी पहुंचा, जहां उन्होंने अपने अनुभव एक-दूसरे के साथ साझा किए।

समापन समारोह में स्वामी विवेकानंद योग अनुसंधान संस्थान के कुलपति श्री मंजूनाथ और मेघनानंद सन्यासी ने योग के वैज्ञानिक पक्ष और समन्वित योग के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित