गांधीनगर , फरवरी 26 -- गुजरात की महिला एवं बाल कल्याण मंत्री डॉ मनीषाबेन वकील ने गुरुवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 'सुपोषित भारत' विजन को और वेग देने के लिए मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के मार्गदर्शन में महिला एवं बाल कल्याण क्षेत्र में 7,690 करोड़ रुपए का आवंटन कियागया है।

डॉ. वकील ने आज संवाददाता सम्मेलन में कहा कि आंगनबाड़ी क्षेत्र में ढांचागत सुधार के लिए राज्य में 2,000 नये आंगनबाड़ी केन्द्रों के निर्माण के लिए 360 करोड़ रुपये का प्रावधान और आंगनबाड़ी केन्द्र 'चाइल्ड फ्रेंड्ली' कॉन्सेप्ट पर बनेंगे जिनमें मॉड्यूलर फर्नीचर, आरओ मशीन, एलईडी टीवी स्क्रीन तथा रेन वॉटर हार्वेस्टिंग जैसी आधुनिक सुविधाएं होंगी।

उन्होंने कहा कि आदिजाति क्षेत्रों के 53 घटकों में दूध संजीवनी योजना का विस्तार किया जाएगा। दूध में फैट का प्रमाण 1.5 प्रतिशत से बढ़ाकर तीन प्रतिशत तथा 4.5 प्रतिशत (पायलट प्रोजेक्ट के रूप में नर्मदा, दाहोद एवं डांग में) करने के लिए 38.64 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। कम वजन वाले बच्चों के सुधार के लिए हेल्थ चेकअप तथा होम विजिट के पोषण संगम कार्यक्रमों के लिए 16 करोड़ रुपये और आंगनबाड़ियों तथा पोषण स्तर की सघन मॉनिटरिंग करने के लिए पोषण प्रगति तथा निरीक्षण केन्द्र बनाये जाएंगे।

आंगनबाड़ी के बच्चों की उपस्थिति एवं मॉनिटरिंग के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित इमेज प्रोसेसिंग सिस्टम हेतु एआई बेस्ड अटेंडेंस सिस्टम विकसित किया गया है। राशन की चोरी रोकने तथा डिजिटल ट्रैकिंग संभव बनाने के लिए पूरक पोषण योजना-टीएचआर की पैकेजिंग पर क्यूआर कोड लगाया जाएगा।

किशोरियों में नेतृत्व के गुण विकसित करने तथा पंचायतीराज एवं बाल अधिकारों के प्रति जागृति लाने के उद्देश्य से बालिका पंचायत योजना अंतर्गत 1.03 करोड़ रुपये का आवंटन तथा तहसील, जिला एवं राज्य स्तर पर श्रेष्ठ कार्य करने वाली बालिका पंचायतों को सम्मानित किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित