नयी दिल्ली , मई 02 -- भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण(एनएचएआई) ने गुजरात में राष्ट्रीय राजमार्ग-48 के सूरत-भरूच खंड पर चोरायासी टोल प्लाजा पर देश की पहली बहु-लेन बाधा-रहित टोल प्रणाली की शुरुआत की है, जिसके लागू होने के पहले ही दिन करीब 41,500 वाहनों ने नयी व्यवस्था के तहत भुगतान कर टोल को पार किया।

एनएचएआई के अनुसार यह नयी प्रणाली न्यूनतम मानवीय हस्तक्षेप के साथ बिना रुके टोल वसूली सुनिश्चित करती है, जिससे वाहनों की आवाजाही सुगम होती है और यातायात में रुकावट नहीं आती। यह प्रणाली स्वचालित नंबर प्लेट पहचान और फास्टैग आधारित इलेक्ट्रॉनिक टोल संग्रह जैसी उन्नत तकनीकों पर आधारित है, जिससे टोल प्रक्रिया पूरी तरह संपर्क रहित और स्वचालित हो जाती है।

इस पहल से राष्ट्रीय राजमार्गों पर भीड़भाड़ में कमी आएगी, यात्रा समय घटेगा, ईंधन की बचत होगी और वाहनों से होने वाले उत्सर्जन में कमी आने की उम्मीद है। इसके साथ ही टोल संचालन में पारदर्शिता बढ़ेगी और संचालन लागत में भी कमी आएगी।

प्राधिकरण ने राजमार्ग उपयोगकर्ताओं से अपने फास्टैग खातों में पर्याप्त शेष राशि बनाए रखने का आग्रह किया है। अपर्याप्त शेष राशि या अमान्य फास्टैग की स्थिति में उपयोगकर्ताओं को इलेक्ट्रॉनिक सूचना जारी की जाएगी, जिसके तहत 72 घंटे के भीतर शुल्क का भुगतान करना होगा, अन्यथा निर्धारित शुल्क का दोगुना लिया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित