गया जी, मार्च 12 -- जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने गुरुवार को कहा कि बिहार चुनाव में 200 से ज्यादा सीटें लाने के बाद भी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का राज्यसभा जाना यह बताता है कि रणनीति पहले से तय थी और अब गुजरात के लोग रिमोट कंट्रोल के माध्यम से बिहार में शासन करेंगे ।
श्री किशोर आज गया पहुंचे और संवाददाताओं से बात करते हुए कहा कि भाजपा कभी भी अकेले चुनाव जीतने की स्थिति में नही थी और उसने मुख्यमंत्री श्री कुमार को सामने रखकर बिहार विधानसभा चुनाव जीत लिया और अब अपनी मर्जी के मुताबिक मुख्यमंत्री बना रहे हैं ।
जनसुराज के सूत्रधार ने नीतीश कुमार के भावनात्मक ट्वीट पर कहा कि उनके साथ कुछ अफसर और उनसे जुड़े हुए कुछ लोग हैं, वही ट्वीट करते हैं । उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की शारीरिक और मानसिक स्थिति ठीक नहीं है और वह अपने पद का दायित्व निभाने में सक्षम नहीं है ।
श्री किशोर ने मुख्यमंत्री श्री कुमार की समृद्धि यात्रा के सवाल पर कहा कि आखिर यह कैसी यात्रा है ? यह मात्र कुछ लोगों की समृद्धि है । उन्होंने कहा कि यह कैसी समृधि है जिसमे चुनाव जीतने के बाद देश के विभिन्न राज्यों में 50 से ज्यादा बिहार के बच्चे मजदूरी करते हुए मौत के मुंह में चले गए । उन्होंने कहा कि बिहार आज भी अति पिछड़े राज्यों में शामिल है, यहां लोग पलायन को मजबूर है और बेरोजगारी चरम पर है । उन्होंने कहा कि यह नीतीश कुमार और उनसे जुड़े हुए कुछ नेताओं के लिए समृद्धि हो सकती है. बिहार के लोगों की समृधि का प्रयास नही है ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित