नयी दिल्ली , अगस्त 25 -- राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने गुजरात के भावनगर जिले में कथित तौर पर मिलावटी भारतीय निर्मित विदेशी शराब के सेवन से कम से कम नौ लोगों की मौत और 39 अन्य के गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती होने की खबरों पर स्वत: संज्ञान लिया है।

एनएचआरसी ने मंगलवार को बताया कि आयोग ने इस घटना को मानवाधिकारों के गंभीर उल्लंघन से जुड़ा मामला बताते हुए गुजरात के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक को नोटिस जारी किया है। आयोग ने दोनों अधिकारियों से मामले में विस्तृत रिपोर्ट दो सप्ताह के भीतर प्रस्तुत करने को कहा है। रिपोर्ट में मृतकों की अद्यतन संख्या, अस्पताल में भर्ती पीड़ितों की स्थिति और घटना की जांच में हुई प्रगति की जानकारी देने को कहा गया है। आयोग ने विशेष रूप से कथित तौर पर जहरीली शराब की आपूर्ति से जुड़े पूरे नेटवर्क तथा मेथनॉल और अन्य कच्चे पदार्थों के स्रोत का पता लगाने के लिए उठाए गए कदमों की जानकारी भी मांगी है।

आयोग ने रिपोर्ट में दोषी पाये गये अधिकारियों के खिलाफ शुरू की गई विभागीय कार्रवाई का ब्यौरा भी मांगा है। इसके साथ ही मृतकों के परिवारों और जीवित बचे पीड़ितों को उपलब्ध करायी गयी राहत, मुआवजे और चिकित्सा सहायता की स्थिति बताने को कहा गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित