नयी दिल्ली/ गांधीनगर , जनवरी 30 -- राष्ट्रीय राजधानी के कर्तव्य पथ पर 77वें गणतंत्र पर्व के उपलक्ष्य में आयोजित परेड में गुजरात की झाँकी को लगातार चौथी बार 'पॉपुलर चॉइस श्रेणी' में पहला स्थान प्राप्त करने के लिए शुक्रवार को विधिवत रूप से ट्रॉफी और पुरस्कार प्रदान किये गये।

नयी दिल्ली स्थित राष्ट्रीय रंगशाला शिविर में आज आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में केन्द्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने ट्रॉफी और प्रमाणपत्र को गुजरात राज्य की ओर से मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. विक्रांत पांडे तथा सूचना आयुक्त किशोर बचाणी ने स्वीकार किया। इसके साथ ही; झाँकी निर्माण की प्रक्रिया के समय राष्ट्रीय रंगशाला में आयोजित विभिन्न राज्यों के कलाकारों के सांस्कृतिक नृत्यों की प्रतियोगिता में गुजरात के नृत्य को प्रोत्साहक पुरस्कार प्राप्त हुआ।

उल्लेखनीय है कि 'स्वतंत्रता का मंत्र : वंदे मातरम्' विषय पर आधारित इस वर्ष की झाँकी का गुजरात सरकार के सूचना आयुक्त कार्यालय द्वारा निर्माण किया गया था। सूचना आयुक्त किशोर बचाणी के दिशादर्शन तथा अपर सूचना निदेशक अरविंद पटेल के मार्गदर्शन में संयुक्त सूचना निदेशक डॉ. संजय कचोट एवं फिल्म प्रोडक्शन शाखा की सूचना उप निदेशक भावना वसावा द्वारा इस झाँकी के निर्माण का समग्र कार्य किया गया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित