विशाखापट्टनम , सितंबर 26 -- रेल एवं जल शक्ति राज्य मंत्री वी. सोमन्ना और केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं संचार राज्य मंत्री डॉ. पेम्मासानी चंद्रशेखर ने शनिवार को आंध्र प्रदेश में गुंटूर और नंबूर रेलवे स्टेशनों के बीच चार लेन वाले रोड ओवर ब्रिज (आरओबी) की आधारशिला रखी।

रेलवे सूत्रों ने बताया कि इस आरओबी की अनुमानित लागत 108 करोड़ रुपये है और इसका पूरा खर्च रेल मंत्रालय वहन करेगा। 668 मीटर लंबे इस चार लेन वाले आरओबी से गुंटूर-नंबूर रेल लाइन के गुंटूर-कृष्णा नहर खंड पर लेवल क्रॉसिंग (एलसी) गेट संख्या-3 को हटाया जाएगा। रेलवे के अनुसार गुंटूर शहर के इनर रिंग रोड के पास स्थित यह पुल बस स्टैंड रोड को सीधे गोरंटला गांव से जोड़ेगा। इसके निर्माण के लिए 2.9 एकड़ भूमि की आवश्यकता होगी और काम जल्द शुरू होने की उम्मीद है।

श्री सोमन्ना ने इस मौके पर कहा कि रेलवे यात्रियों की सुरक्षा और परिचालन दक्षता को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है। आधुनिक आरओबी और रोड अंडर ब्रिज (आरयूबी) के माध्यम से लेवल क्रॉसिंग गेट को हटाना दुर्घटनाओं को शून्य करने और ट्रेनों की समयबद्धता सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार आंध्र प्रदेश में रेल बुनियादी ढांचे का तेजी से आधुनिकीकरण कर रही है। यह चार लेन वाला पुल यात्रा में लगने वाला समय कम करेगा, ईंधन की बचत करेगा, वाहनों के रुकने की समस्या को दूर करेगा और क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक विकास को बढ़ावा देगा। आरओबी और आरयूबी के अलावा आंध्र प्रदेश के 74 रेलवे स्टेशनों को 3,500 करोड़ रुपये के निवेश से विश्वस्तरीय सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है।

श्री चंद्रशेखर ने कहा कि केंद्र सरकार आंध्र प्रदेश के परिवहन बुनियादी ढांचे के तेजी से विस्तार के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। केंद्र और राज्य के विभागों के बीच बेहतर समन्वय से गुंटूर क्षेत्र में सड़क और रेल की महत्वपूर्ण परियोजनाओं का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। इससे स्थानीय लोगों को विश्वस्तरीय संपर्क सुविधा उपलब्ध कराने और लंबे समय से चली आ रही यातायात संबंधी समस्याओं को दूर करने में मदद मिलेगी।

इससे पहले दक्षिण तटीय रेलवे के महाप्रबंधक संदीप माथुर ने अतिथियों का स्वागत किया और जोन में भारतीय रेलवे द्वारा किए जा रहे पूंजीगत और सुरक्षा संबंधी कार्यों की जानकारी दी। गुंटूर की मंडल रेल प्रबंधक सुधेष्णा सेन ने कार्यक्रम का समन्वय किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित