लखनऊ , मार्च 12 -- उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग ने गायक बादशाह के विवादित गीत "टटीरी" को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने इस मामले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर प्रदेश में गायक के कार्यक्रमों पर रोक लगाने की मांग की है।

आयोग का कहना है कि एल्बम में महिलाओं के प्रति अभद्र भाषा और अशोभनीय दृश्य प्रस्तुत किए गए हैं। गीत में स्कूल यूनिफॉर्म पहने छात्राओं को अनुचित तरीके से दिखाया गया है और विद्यालय जैसे पवित्र स्थान को भी अपमानजनक शब्दों से संबोधित किया गया है। आयोग के अनुसार यह न केवल महिलाओं की गरिमा के विरुद्ध है, बल्कि शिक्षा व्यवस्था और सामाजिक मूल्यों का भी अपमान है।

इस मामले में संबंधित गायक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 3, 4 और 296 के तहत एफआईआर दर्ज होने तथा उनके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर (एलओसी) जारी किए जाने की भी जानकारी सामने आई है।

पत्र में कहा गया है कि भारतीय संस्कृति में नारी को 'नारायणी' का स्थान दिया गया है। ऐसे में इस तरह की आपत्तिजनक सामग्री प्रस्तुत करने वाले कलाकार के कार्यक्रम आयोजित होने से समाज में गलत संदेश जा सकता है और सांस्कृतिक मर्यादाओं को ठेस पहुंच सकती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित