भोपाल , नवंबर 28 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आगामी 1 दिसंबर को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि गीता महोत्सव की सभी गतिविधियों में जन सामान्य की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अभ्युदय मध्य प्रदेश (गवर्नेंस एंड ग्रोथ समिट) और निवेश से रोजगार कार्यक्रम (अटल संकल्प उज्ज्वल मध्यप्रदेश) के तहत 25 दिसंबर को ग्वालियर में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों पर भी अधिकारियों से चर्चा की।

मुख्यमंत्री निवास समत्व भवन से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की गई इस बैठक में जिला कलेक्टर्स और पुलिस अधिकारियों से कार्यक्रमों की प्रगति की जानकारी ली गई। बैठक में मुख्य सचिव अनुराग जैन सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि श्रीमद्भगवत गीता के विभिन्न अध्यायों की संस्कृत और हिंदी प्रतियां स्कूलों, कॉलेजों और आम नागरिकों को उपलब्ध कराई जाएं। गीता पर आधारित क्विज और अन्य प्रतियोगिताओं का आयोजन व्यापक स्तर पर किया जाए, जिससे गीता के ज्ञान का प्रसार हो और समाज की सोच पर सकारात्मक प्रभाव पड़े।

उन्होंने बताया कि श्रीमद्भगवतगीता ऑनलाइन ज्ञान प्रतियोगिता के लिए प्रविष्टियां 28 नवंबर तक www.geetamahotsav.com पर आमंत्रित की गई हैं। प्रतियोगिता तीन श्रेणियों में आयोजित होगी, जिनके लिए पृथक-पृथक पुरस्कार निर्धारित किए गए हैं। पुरस्कार 26 जनवरी 2026 को प्रदान किए जाएंगे। डॉ. यादव ने कलेक्टरों को निर्देशित किया कि जिला स्तर पर अधिक से अधिक नागरिकों को प्रतियोगिताओं और गीता पाठ में भाग लेने हेतु प्रोत्साहित करें।

मुख्यमंत्री ने गीता पाठ की तैयारियों की भी जानकारी ली।

1 दिसंबर को अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती के अवसर पर मध्यप्रदेश के सभी विकासखंडों, जिला और संभागीय मुख्यालयों पर श्रीमद्भगवद्गीता के 15वें अध्याय का पाठ सामूहिक रूप से किया जाएगा। वीर भारत न्यास द्वारा गीता पाठ के साथ गीता प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जा रहा है, जिसमें प्रदेश के विद्यार्थी उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित