ऋषिकेश , जून, 18 -- त्तराखंड में हरिपुर कलां स्थित गीता कुटीर घाट पर गुरुवार को गंगा स्नान के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। तेज बहाव में बहकर 9 वर्षीय बालक गंगा में डूब गया, जिसकी तलाश में एसडीआरएफ और पुलिस की टीमों द्वारा लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिल्ली के रोहिणी क्षेत्र निवासी कुश शर्मा (9 वर्ष) पुत्र मुकेश शर्मा अपने परिवार के साथ हरिद्वार-ऋषिकेश भ्रमण पर आया हुआ था। गुरुवार अपराह्न करीब 3:15 बजे गीता कुटीर घाट पर स्नान करते समय वह अचानक संतुलन खो बैठा और गंगा की तेज धारा में बह गया।

बताया गया कि कुश को बचाने के प्रयास में उसका भाई प्रियांशु शर्मा भी नदी के बहाव में फंस गया था, लेकिन स्थानीय लोगों की तत्परता और साहस से उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। वहीं कुश तेज बहाव में आगे निकल गया और लापता हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ ढालवाला की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। टीम ने स्थानीय पुलिस से जानकारी जुटाने के बाद संभावित स्थानों पर डीप डाइवर्स की सहायता से सघन सर्च अभियान शुरू किया। देर शाम तक अभियान जारी रहा, लेकिन बालक का कोई सुराग नहीं मिल पाया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित