बलौदाबाजार , सितंबर 03 -- छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में गुरुवार को गिरौदपुरी धाम दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं से भरी माजदा वाहन के अनियंत्रित होकर पलट जाने से महिला और बच्चों समेत 27 लोग घायल हो गए। इनमें सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण दो महिलाओं को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार हादसा कसडोल थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-130 बी पर सेल और छांछी के बीच मोड़ के पास हुआ। माजदा वाहन में 30 से अधिक श्रद्धालु सवार थे। सभी बेमेतरा जिले के ग्राम मुरकुटा नांदघाट से गिरौदपुरी धाम दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान गुरुवार सुबह मोड़ के पास वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही हाईवे पुलिस पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और एंबुलेंस तथा अन्य वाहनों की मदद से घायलों को कसडोल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। हादसे में घायल दो महिलाओं के सिर पर गंभीर चोट आने के कारण उन्हें जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। अन्य घायलों का कसडोल में उपचार किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित