गिरिडीह, सितम्बर 26 -- झारखण्ड के गिरिडीह जिले के गिरिडीह-धनबाद मुख्य मार्ग स्थित ताराटांड़ थाना क्षेत्र के बड़कीटांड़ में शुक्रवार दोपहर को हुए भीषण सड़क दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई जबकि दस लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को गिरिडीह सदर अस्पताल में इलाज के लिए भेजा गया है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि मृतकों की पहचान 45 वर्षीय नंदकिशोर भोक्ता, 38 वर्षीय कमल भोक्ता , 48 वर्षीय जगदीश भोक्ता के रूप में हुई है। सभी ताराटांड़ थाना क्षेत्र के रानीडीह गांव के रहने वाले थे।
सभी ताराटांड़ थाना क्षेत्र के रानीडीह के रहने वाले करीब दर्जन भर लोग शुक्रवार को हजारीबाग से काम के पिकअप वाहन से गांव रानीडीह लौट रहे थे। इसी क्रम में गांव से कुछ दूर पहले ही कोलकाता से गिरिडीह आ रही तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में सवारी गाड़ी आ गयी।
घटना के बाद स्थानीय लोग सहित तारा टांड़ पुलिस मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जहां तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायलों में कई की स्थिति गम्भीर बनी हुई है। मृतको की संख्या बढ़ भी सकती है।
पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक भी पलट गया। भारी बारिश के कारण यह हादसा घटित हुआ है। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित