गिरिडीह , जनवरी 31 -- झारखंड के गिरिडीह जिले के नगर थाना क्षेत्र के बरगंडा में शनिवार की सुबह किराये के मकान में रहने वाली 17 वर्षीय छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि आत्महत्या करने से पूर्व छात्रा ने अपने छोटे भाई को मोबाइल पर मैसेज भेजकर अपनी जान देने की मंशा जाहिर की थी। सूचना मिलते ही परिजन जब तक कमरे पर पहुंचे, तब तक छात्रा फंदे से झूल चुकी थी। मृतका मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के कासियाडीह निवासी परमेश्वर मंडल की पुत्री पूजा कुमारी मंडल के रूप में हुई है। वह कक्षा 11 की छात्रा थी और जमुआ थाना क्षेत्र के मिर्जागंज स्थित लंगटा बाबा कॉलेज में पढ़ाई कर रही थी।
जानकारी के अनुसार मृतका पढ़ाई और कोचिंग की तैयारी के लिए पिछले आठ महीने से नगर थाना क्षेत्र के बरगंडा स्थित दीपक कुमार सिंह के मकान में किराये पर रह रही थी। शनिवार की सुबह करीब 11 बजे पूजा ने अपने छोटे भाई विशाल कुमार मंडल को मैसेज भेजा कि वह आत्महत्या करने जा रही है। मैसेज मिलते ही विशाल अपने दोस्तों के साथ तत्काल बरगंडा स्थित किराये के कमरे पर पहुंचा। वहां पहुंचने पर कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। जब किसी तरह दरवाजा तोड़ा गया तो अंदर पूजा दुपट्टे से बने फंदे के सहारे झूलती हुई पाई गई।
इधर घटना की जानकारी मिलते ही नगर थाना प्रभारी ज्ञान रंजन दल बल के साथ मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही मामले की जांच पड़ताल में जुट गए हैं। इस दौरान पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है, हालांकि आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित