गिरिडीह , जुलाई 07 -- झारखंड के गिरिडीह जिले के दो बच्चों ने बेंगलुरु में आयोजित प्रतिष्ठित ऑल इंडिया सब-जूनियर रैंकिंग बैडमिंटन टूर्नामेंट में राजवीर डी. ने अपने जोड़ीदार संबित रमेश के साथ अंडर-15 डबल्स वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीतकर जिले और राज्य का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।

गिरिडीह के उपायुक्त रामनिवास यादव ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे जिले और राज्य के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और निरंतर अभ्यास से हासिल यह उपलब्धि जिले के अन्य युवा खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणादायी है। उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों खिलाड़ी भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन करेंगे।

उपायुक्त ने खिलाड़ियों के अभिभावकों, प्रशिक्षकों और इस उपलब्धि में योगदान देने वाले सभी सहयोगियों को भी बधाई देते हुए कहा कि किसी भी खिलाड़ी की सफलता में परिवार और प्रशिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और सहयोग उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

जिला खेल पदाधिकारी अर्जुन बारला ने भी राजवीर डी. और संबित रमेश को इस उपलब्धि पर शुभकामनाएं दीं। वहीं झारखंड बैडमिंटन एसोसिएशन, जिला बैडमिंटन एसोसिएशन, इनडोर स्टेडियम प्रबंधन समिति, प्रशिक्षक मुकेश कुमार, खेल प्रेमियों तथा जिलेवासियों ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित