गिरिडीह , मई 03 -- झारखण्ड के गिरिडीह जिले के बगोदर थाना क्षेत्र में बगोदर-सरिया मुख्य मार्ग पर दोन्दलो गांव के समीप शनिवार देर रात हुए भीषण सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

पुलिस सूत्रों आज यहां बताया कि कोनार डैम के समीप चिदरी चलियाडीह गांव से चार लोग ऑल्टो कार से बगोदर होते हुए सरिया की ओर जा रहे थे। इसी दौरान दोन्दलो गांव के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी।

दुर्घटना में कार सवार रेवा तुरी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं त्रिलोकी साव, उनकी पत्नी तथा एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी वाहन सवार चिदरी गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), बगोदर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया गया।

मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सीएचसी स्थित पोस्टमार्टम हाउस में रखा गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक एवं घायलों के परिजन देर रात अस्पताल पहुंच गए। आशंका है कि तेज रफ्तार और चालक को झपकी आने से हादसा हुआ। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित