गिरिडीह , फरवरी 21 -- ारखण्ड के गिरिडीह जिला परिषद के पूर्व अध्यक्ष राकेश महतो की हत्या कर दी गई है।
श्री महतो का अधजला शव निमियाघाट थाना इलाके के खांखी जंगल से शनिवार को मिला है।
पुलिस सूत्रों ने आज बताया कि हत्या के बाद शव को पेड़ के पत्तों से जलाने का प्रयास भी किया गया है। घटना की सूचना पर डुमरी के पुलिस उपाधीक्षक सुमित कुमार के साथ निमियाघाट एवं डुमरी पुलिस मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल में जुटी है।
ज्ञातव्य है कि राकेश महतो डुमरी क्षेत्र के बड़े राजनीतिक छवि के व्यक्ति थे। वे जिला परिषद का चुनाव जीतने के बाद वर्ष 2016 में जिला परिषद के अध्यक्ष भी बने थे। क्षेत्र में लोकप्रिय रहे राकेश महतो की हत्या से क्षेत्र में मातम के साथ गुस्सा भी देखा जा रहा है।
झारखण्ड मुक्ति मोर्चा के जिलाध्यक्ष संजय सिंह ने यूनीवार्ता को बताया कि स्व. महतो जिला कार्यकारिणी के सदस्य थे उन्होंने कहा कि पुलिस इस मामले में त्वरित कार्रवाई करे।
इस मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने एसडीपीओ डुमरी को मामले की जांच तुरंत करते हुए दोषियों को गिरफ्तार करने का निर्देश दिया है। पुलिस उपाधीक्षक सुमित कुमार ने कहा है कि राकेश महतो की हत्या हुई है। लाश खांखी के जंगल में मिली है। आगे की जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित