गिरिडीह , अक्टूबर 26 -- झारखण्ड के गिरिडीह जिले के सरिया थाना क्षेत्र के निमाटांड़ गांव के पास कल देर रात एक कार आगे चल रहे ट्रेलर में पीछे से टकरा गई और उसमें बुरी तरह फंस गई।
इस हादसे में कार चालक महेश यादव की मौत हो गई, जबकि कार में सवार दो अन्य लोग भुवनेश्वर यादव और बंशी यादव गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि टक्कर के बाद कार ट्रेलर में फंस गई और ट्रेलर उसे करीब छह किलोमीटर तक घसीटता हुआ बिरनी थाना क्षेत्र के मंझिलाडीह गांव तक ले गया। इसके बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण उसमें फंसे लोगों को निकालने में पुलिस और ग्रामीणों को मशक्कत करनी पड़ी। दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बगोदर ट्रॉमा सेंटर भेजा गया। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर फरार ट्रेलर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित