बलिया , नवंबर 09 -- उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के बांसडीह कोतवाली क्षेत्र के गोड़धप्पा गांव में सोमवार को मकान की पुरानी छत पर रखी गिट्टी, बालू और सीमेंट के वजन से छत ढह गई। हादसे में मलबे में दबकर एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि मकान मालिक की 22 वर्षीय बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

पुलिस के अनुसार, गांव निवासी विजय शंकर तिवारी के मकान की छत की ढलाई होनी थी। इसके लिए बगल की पुरानी छत पर गिट्टी, बालू और सीमेंट रखा गया था। मजदूर छत पर मसाला तैयार कर रहे थे, तभी अचानक ईंटों से बनी छत भरभराकर गिर गई। इसके मलबे में बांसडीह रोड थाना क्षेत्र के दिउली गांव निवासी मजदूर जयराम पटेल और मकान मालिक की बेटी किरण तिवारी दब गए।

हादसे के बाद मौके पर जुटे ग्रामीणों ने दोनों को मलबे से बाहर निकाला और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बांसडीह पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जयराम पटेल को मृत घोषित कर दिया, जबकि किरण को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

घटना की सूचना पर एसडीएम बांसडीह पुष्कर मिश्र, सीओ जयशंकर मिश्र और प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों के निर्देश पर जेसीबी से मलबा हटवाया गया। मलबे में अन्य लोगों के दबे होने की आशंका पर पुलिस ने मोबाइल फोन के जरिए मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों की जानकारी जुटाई। पता चला कि हादसे के समय वहां काम कर रहे तीन अन्य मजदूर सुरक्षित अपने घर पहुंच गए थे।

सीओ जयशंकर मिश्र ने बताया कि पुरानी छत पर निर्माण सामग्री रखी गई थी, जिसके बाद छत अचानक ढह गई। हादसे में जयराम पटेल की मौत हो गई, जबकि किरण तिवारी का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित