रांची , अप्रैल 15 -- झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के गालीबाज पुलिस अधिकारी का एक प्रकार से समर्थन किए जाने पर कड़ी प्रतिक्रिया दी।
श्री मरांडी ने आज एक्स के माध्यम से कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन झामुमो हैंडल के "दिहाड़ी इंटर्न्स" आपके भ्रष्टाचार को सही साबित नहीं कर सकते, इसलिए बेचारे अपनी रोजी-रोटी के लिए कुछ भी लिख रहे हैं, यह तो समझ आता है। लेकिन जब सूबे के मुख्यमंत्री उसे रीट्वीट करते हैं, तो वह उस बदतमीजी का आधिकारिक 'सर्टिफिकेट' बन जाता है।
श्री मरांडी ने कहा कि अगर आपको भ्रष्ट और गालीबाज अधिकारी इतने ही प्रिय हैं, तो घुमा-फिराकर क्या कहना? झारखंड विधानसभा में "भ्रष्टाचार और गाली-गलौज" का एक नया बिल ही ले आइए! उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री एक आधिकारिक कानून बना दें कि पुलिस को जनता का शोषण करने और उन्हें मां-बहन की गाली देने की पूरी छूट है। जब पीठ पीछे यही सब करवा रहे हैं, तो इसे 'ऑफिशियल' करने की औपचारिकता भी पूरी कर ही देनी चाहिएं राज्य सरकार को।
श्री मरांडी ने कहा कि वे वादा करते हैं, हेमंत सरकार के नए "कानून" का भी ऐतिहासिक स्वागत उनके द्वारा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी, गालीबाज अधिकारियों को केवल पद से हटाना कोई सजा नहीं। इन्हें ऐसा सबक सिखाने की जरूरत है कि कोई भी जन सेवक, पुलिस या प्रशासन का अधिकारी फिर जनता को गाली देने की जुर्रत न कर सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित