भिण्ड , अप्रैल 22 -- मध्यप्रदेश में भिण्ड जिले के लहार क्षेत्र में निजी सुरक्षा गार्ड से लाइसेंसी बंदूक लूटने का प्रयास विफल हो गया। घटना में शामिल एक आरोपी को मौके से पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया, जबकि अन्य आरोपी फरार हो गए।

पुलिस सूत्रों के अनुसार लहार निवासी संतोष खौरिया, जो ग्वालियर स्थित करौली माता मंदिर में निजी सुरक्षा गार्ड है, कल शाम मोटरसाइकिल से लहार से ग्वालियर जा रहा था। इसी दौरान भटपुरा रोड पर दो बाइकों पर सवार बदमाशों ने उसका पीछा किया और चलते वाहन पर ही बंदूक छीनने की कोशिश की।

अचानक हुए हमले में संतोष ने बाइक से उतरकर स्थिति संभाली। छीना-झपटी के दौरान एक बदमाश बाइक से गिर पड़ा। इसी बीच एक अन्य आरोपी ने कट्टे से फायर किया। जवाबी कार्रवाई में गार्ड ने अपनी बंदूक लोड कर बदमाशों पर तान दी, जिससे घबराकर पांच आरोपी अपने साथी को छोड़कर मौके से भाग निकले।

घटनास्थल पर मौजूद लोगों की मदद से गिरे हुए बदमाश को पकड़ लिया गया और सूचना पर पहुंची पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। पकड़े गए आरोपी की पहचान विकास यादव निवासी गहवत, थाना उमरी के रूप में हुई है, जिसके खिलाफ पूर्व में भी लूट के कई मामले दर्ज बताए गए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित