मुरादाबाद , जून 01 -- गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग के बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को कहा कि गाय हमारी माता है और मां बेटे के रिश्ते को किसी आधिकारिक घोषणा की जरुरत नहीं है। बिजनौर के अफजलगढ़ स्थित आलमपुर गावड़ी में आयोजित एक भव्य समारोह को संबोधित करते हुए योगी ने स्पष्ट किया, " गाय के साथ हमारा जन्म-जन्मांतर का अटूट नाता है। क्या मां और पुत्र के पवित्र संबंध के बीच किसी भी प्रकार की आधिकारिक घोषणा की आवश्यकता पड़ती है।" उन्होंने जोर देकर कहा कि आज का यह समारोह समाज को एक विशेष संदेश देने का सशक्त माध्यम है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार दोपहर बिजनौर के अफजलगढ़ क्षेत्र पहुंचे, जहां उन्होंने विभिन्न महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का लोकार्पण कर जनपद को नई सौगातें दीं। इस अवसर पर उन्होंने पांच विस्थापितों को जमीन के मालिकाना हक से संबंधित अधिकार पत्र भी सौंपे। मंच से जनता को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने सर्वप्रथम बिजनौर की पावन धरा को नमन किया।

उन्होंने कहा कि नए भारत में यह क्षेत्र हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है क्योंकि यह पांचाल देश के इतिहास से जुड़ी हुई महाभारत की भूमि है, जिसने युगों-युगों से इतिहास को बनते और बिगड़ते देखा है। अपने संबोधन में धर्म की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जो धर्म की रक्षा करता है, धर्म सदैव उसकी रक्षा करता है, लेकिन जो व्यक्ति अपने निजी स्वार्थ के वश में होकर धर्म को हानि पहुंचाता है या उसे नष्ट करने का प्रयास करता है, धर्म अंततः उसका सर्वनाश कर देता है।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में विकास और सुरक्षा के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश अब भय और अराजकता से मुक्त होकर विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि वर्तमान सरकार की नीतियां समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलने की हैं और आज का यह समारोह इसी समावेशी विकास की एक जीवंत झलक पेश करता है।

बिजनौर की ऐतिहासिक और पावन धरा को नमन करते हुए कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश की समृद्धि और यहां के किसानों की खुशहाली सरकार की प्राथमिकताओं में शीर्ष पर है। संबोधन के दौरान योगी ने पिछली सरकारों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि पहले जहां प्रदेश में पहचान का संकट था, वहीं आज उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था पूरे देश के लिए एक नजीर बन चुकी है। उन्होंने कहा कि आज बेटियां निडर होकर स्कूल जा रही हैं और व्यापारी बिना किसी भय के अपना कारोबार कर रहे हैं, जो कि एक सकारात्मक संदेश है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित