मुजफ्फरपुर , मार्च 25 -- बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और राष्ट्रीय जनता दल के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट थाना क्षेत्र में पुलिस फायरिंग में हुई जगतवीर राय की मौत के बाद उनके परिजनों से बुधवार को मुलाकात की और कहा कि इस मामले में शीघ्र दोषियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो जनता से जिले में बंद का आह्वान करेंगे।

श्री यादव घटना के आठ दिन बाद आज गायघाट थाना क्षेत्र के बेरूआ पंचायत स्थित चोरनिया गांव पहुंचे और मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिया।

श्री यादव ने परिजनों से मिलने के बाद सरकार और पुलिस प्रशासन पर तीखा हमला बोला और कहा कि यह राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन(राजग) की ऐसी सरकार है, जिसमें पहले अपराधी बेलगाम थे और अब पुलिस भी बदहाल हो चुकी है। उन्होंने कहा कि जगतवीर राय को न्याय दिलाने के लिए वह मानवाधिकार आयोग में भी शिकायत करेंगे और सरकार से मांग करेंगे कि दोषी पुलिसकर्मियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की जाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित