नयी दिल्ली , जुलाई 24 -- दिल्ली पुलिस ने अंतर-राज्यीय वाहन चोर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर चोरी की 11 मोटरसाइकिल और स्कूटी तथा एक ऑटो-रिक्शा जब्त किया है।
अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि कि इन गिरफ्तारियों से शहर के अलग-अलग थानों में दर्ज वाहन चोरी के 11 मामलों का पता चला है। यह मामला 15-16 जुलाई की रात छतरपुर से मोटरसाइकिल चोरी होने की सूचना मिलने के बाद दर्ज किया गया था। महरौली थाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305(बी) (वाहन चोरी) के तहत एक ई-प्राथमिकी दर्ज की गई।
पुलिस ने जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया, तकनीकी सुराग जुटाए और स्थानीय स्तर पर पूछताछ की। इसके बाद एक गुप्त सूचना के आधार पर 20 जुलाई को सीडीआर चौक के पास जाल बिछाया गया। पुलिस ने बताया कि दो संदिग्धों महरौली के सरफराज और उत्तर प्रदेश के अमेठी के राहुल केसरवानी को पकड़ा गया।
दोनों संदिग्धों ने पूछताछ के दौरान वाहन चोरियों में शामिल होने की बात कबूल की। पुलिस ने अलग-अलग जगहों से चोरी की 11 मोटरसाइकिल और स्कूटी बरामद की तथा चोरी की गाड़ियों को ले जाने और छिपाने वाले एक ऑटो-रिक्शा को जब्त किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित