अलवर , अप्रैल 07 -- राजस्थान में अलवर जिले के खेड़ली कस्बे के बाईपास पर तेज रफ़्तार गाड़ी ने एक सात साल की बच्ची को कुचल दिया है। हादसा इतना दर्दनाक था कि बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर के बाद गाड़ी चालक मौके से फरार हो गया।

जिले के खेड़ली कस्बे के बाईपास रोड पर सोमवार देर शाम हुए हादसे का शिकार हुई सात वर्षीय बालिका की पहचान प्रिया गर्ग पुत्री रविकांत गर्ग के रूप में हुई है। प्रिया बाईपास रोड स्थित घर के पास एक दुकान से खाने-पीने का सामान लेने के लिए गई थी। सामान लेने के बाद प्रिया सड़क पार कर रही थी. इतने में एक तेज रफ्तार स्कार्पियो गाड़ी ने उसे टक्कर मार दी। जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई और सड़क पर गिर गई।

लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस में मौके पर पहुंचकर घटना से परिजनों को अवगत करवाया। कुछ देर में परिजन भी मौके पर पहुंचे और बालिका को खेडली उप जिला अस्पताल में भर्ती करवाया. जहां सिर से खून अधिक बह जाने के कारण चिकित्सकों द्वारा उसे मृत घोषित किया गया। शव को उप जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। जहां बालिका का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया।

थानाधिकारी विजय कुमार चंदेल ने बताया कि हादसे के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया। गाड़ी के नंबर के आधार पर चालक के गाड़ी की तलाश की जा रही है।

उल्लेखनीय है कि रविकांत भैसींना गांव में अपने परिवार के साथ रहता था, जो कि गत रविवार को ही परिवार को लेकर खेड़ली बाइपास पर बने मकान में रहने के लिए आया था। परिवार के लोगों द्वारा पूरा घर का सामान शिफ्ट कर लिया गया। वहीं दोनों बेटियां थी एक बेटी प्रिया सात की थी और एक अभी एक साल की बताई गयी है। जबकि रविकांत प्राइवेट टीचर हैं। इस घटना के बाद से परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है. परिजनों ने मामले की लिखित शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित