बैतूल , अगस्त 20 -- मध्यप्रदेश के बैतूल में गाड़ियों में तोड़फोड़ और फरियादी से अड़ीबाजी के मामले में फरार चल रहे तीसरे आरोपी को कोतवाली पुलिस ने इंदौर से गिरफ्तार किया है। मामले में दो आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस के अनुसार, आठ जून की रात करीब तीन से साढ़े तीन बजे चिचोली निवासी रोहित यादव और मुकेश यादव खेड़ी सावलीगढ़ स्थित रावत कॉम्पलेक्स में कार में सो रहे थे। इसी दौरान प्रकाश सावनेरे, सागर बुझाडे और पीयुष बचले सफेद रंग की बिना नंबर की बोलेरो से वहां पहुंचे।
आरोप है कि प्रकाश सावनेरे और सागर बुझाडे ने तलवार से ऑफिस के सामने खड़ी दो बोलेरो गाड़ियों के कांच तोड़ दिए। इसके बाद फरियादी की कार का पिछला कांच भी क्षतिग्रस्त कर दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने तलवार लहराते हुए गाली-गलौज की और 10 हजार रुपये की मांग की। रुपये नहीं देने पर गाड़ियां जलाने की धमकी भी दी गई।
फरियादी की शिकायत पर कोतवाली थाने में अपराध क्रमांक 503/2026 दर्ज कर बीएनएस की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस ने पूर्व में प्रकाश सावनेरे और सागर उर्फ बुझाडे को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि पीयुष बचले घटना के बाद से फरार था। उसके इंदौर में होने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम वहां पहुंची और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने साथियों के साथ घटना में शामिल होना स्वीकार किया। उसे गिरफ्तार कर 19 अगस्त को न्यायालय में पेश किया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान पीयुष बचले (24), निवासी ग्रीन सिटी गंज, बैतूल के रूप में हुई है। कार्रवाई में निरीक्षक देवकरण डेहरिया, उपनिरीक्षक राकेश सरयाम, प्रधान आरक्षक दीपक कटियार और आरक्षक प्रदीप कहार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित