गाजीपुर , अप्रैल 17 -- उत्तर प्रदेश में गाजीपुर जिले के सादात थाना क्षेत्र में दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। घायलों में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस ने बताया कि बीती देर रात मुबारकपुर हरतरा गांव निवासी शनि कुमार (17), दीपक यादव (17) और शुभम कुमार (16) एक ही बाइक पर सवार होकर शादियाबाद स्थित मजार पर लगे उर्स मेले में जा रहे थे। उधर, उर्स मेला देखकर लौट रहे बहरियाबाद थाना क्षेत्र के आसपुर खुमिया गांव निवासी विजय उर्फ रोलू राजभर (18), अखिलेश राजभर (22) और अजीत राजभर भी एक ही बाइक पर सवार थे।

इसी दौरान सादात थाना क्षेत्र के टांड़ा चट्टी के पास दोनों बाइकों में आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों मोटरसाइकिलों का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना में शनि कुमार, दीपक यादव और विजय उर्फ रोलू राजभर की मौके पर मौत हो गई, जबकि तीन युवक घायल हो गए।

घायलों में शुभम कुमार की हालत गंभीर होने पर उसे वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया, जहां उसका उपचार जारी है। वहीं अखिलेश राजभर और अजीत राजभर को हल्की चोटें आई हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित