नयी दिल्ली , अप्रैल 25 -- कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी तथा पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में दुष्कर्म के बाद युवती की हत्या और हत्यारों के दबाव में प्राथमिकी दर्ज नहीं करने वाले पुलिस अधिकारियों के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा प्रदेश की मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी जवाब मांगा है।

श्री गांधी तथा श्रीमती वाड्रा ने शनिवार को एक सोशल मीडिया पोस्ट में इस घटना को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति बताया और कहा कि जब तक पीड़िता बेटी जिंदा थी तब तक प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई और प्राथमिकी कराने के लिए आए परिवार के लोगों को धमकियां दी गई। उन्होंने कहा कि जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जानी चाहिए।

श्री गांधी ने कहा, "उत्तर प्रदेश के ग़ाज़ीपुर में विश्वकर्मा समाज की एक बेटी के साथ दुष्कर्म और निर्मम हत्या - और फिर परिवार को एफआईआर दर्ज कराने से रोकने के लिए धमकियाँ, हिंसा। हाथरस, कठुआ, उन्नाव और आज ग़ाज़ीपुर - यह एक पैटर्न है। मणिपुर की बेटी ने न्याय की राह देखते-देखते दम तोड़ दिया। हर बार वही चेहरा - पीड़िता दलित, पिछड़ी, आदिवासी, ग़रीब। हर बार वही सच्चाई - अपराधी को संरक्षण, पीड़ित को प्रताड़ना।"उन्होंने कहा कि आश्चर्य की बात यह है कि इस पर कोई कुछ नहीं बोलता है। उनका कहना था कि हर बार वही चुप्पी-सत्ता की, जिन्हें बोलना चाहिए था। जिस देश और प्रदेश में माँ-बाप को अपनी बेटी की प्राथमिकी लिखवाने के लिए भीख माँगनी पड़े, उस देश की सरकार को सत्ता में रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित