गाजियाबाद , अप्रैल 07 -- राष्ट्रीय राजधानी से सटे उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिला में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं सतर्क बनाए रखने के उद्देश्य से मंगलवार पुलिस द्वारा व्यापक जांच अभियान चलाया गया। यह अभियान पुलिस आयुक्त के निर्देशानुसार पुलिस मुख्यालय, न्यायालय परिसर एवं कलेक्ट्रेट के आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में संचालित किया गया।
पुलिस ने अभियान की जानकारी मंगलवार को देते हुए बताया गया कि, पुलिस आयुक्त के निर्देशानुसार जांच अभियान में स्थानीय खुफिया इकाई, विध्वंशक रोधी टीम , बम पहचान एवं निरोधक दस्ता (बीडीडीएस) एवं स्थानीय थाना पुलिस की संयुक्त टीमों ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा का जायजा लिया और क्षेत्र में खड़े सभी प्रकार के वाहनों दो पहिया, चार पहिया एवं अन्य संदिग्ध वाहनों की आकस्मिक एवं सघन जांच की।
जांच के दौरान वाहनों की डिग्गी, बोनट एवं अन्य हिस्सों की बारीकी से तलाशी ली गई। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर उनकी पहचान की पुष्टि की गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान किसी भी संभावित सुरक्षा खतरे को समय रहते टालने और आमजन में सुरक्षा का भरोसा बनाए रखने के उद्देश्य से चलाया गया।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि आने वाले दिनों में भी इस प्रकार के सघन जांच अभियान जारी रहेंगे, ताकि महत्वपूर्ण सरकारी परिसरों की सुरक्षा में कोई चूक न हो सके। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि वे पुलिस का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत दें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित