गाजियाबाद , जुलाई 17 -- उत्तर प्रदेश में जनपद गाजियाबाद के कौशाम्बी थाना क्षेत्र के भोवापुर गांव में गुरुवार देर रात एक बच्ची के चौथी मंजिल से गिरकर मौत होने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने शुक्रवार को जानकारी देते हुए बताया कि कौशाम्बी थाना को यूपी-112 के माध्यम से सूचना मिली कि भोवापुर गांव में एक बच्ची चौथी मंजिल से गिर गई है और गंभीर रूप से घायल हो गई है। सूचना मिलते ही थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और बच्ची को उपचार के लिए जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया। हालांकि इलाज के दौरान बच्ची ने दम तोड़ दिया।

प्रारंभिक जांच के दौरान मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया कि भोवापुर निवासी एक युवक ने बच्ची को छत से धक्का दिया था, जिसके कारण वह चौथी मंजिल से नीचे गिर गई। परिजनों की शिकायत के आधार पर कौशाम्बी थाना में तत्काल सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल मामले की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है ताकि घटना के पीछे की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाया जा सके। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

एसीपी इंदिरापुरम श्री सूर्यबली मौर्य ने बताया कि 15 जुलाई की रात 11 बजे यूपी-112 के जरिए सूचना प्राप्त होने के बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची थी। घायल बच्ची को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। परिजनों के आरोप के आधार पर मुकदमा दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है तथा अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित