गाजियाबाद , मार्च 24 -- उत्तर प्रदेश में जिला गाजियाबाद स्थित ट्रोनिका सिटी थाना क्षेत्र के रामपार्क इलाके में सोमवार देर रात एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और उसके कथित प्रेमी की गोली मारकर हत्या कर दी।
पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि देर रात करीब बारह बजकर चालीस मिनट पर डायल 112 पर सूचना मिली कि ट्रोनिका सिटी थाना क्षेत्र के बुद्ध बाजार मोहल्ले में झगड़ा हुआ है, जिसमें दो लोग घायल हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस राशिद के घर पहुंची, तो वहां शबनम (36) और फहीम (32) के शव पड़े मिले। जांच में सामने आया कि शबनम, राशिद की पत्नी थी और फहीम उसका दोस्त था। प्रारंभिक जांच में दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की बात भी सामने आई है, जिसका राशिद विरोध करता था।
स्थानीय लोगों और शुरुआती पूछताछ के मुताबिक घटना से पहले तीनों ने साथ बैठकर खाना खाया था। इसके बाद किसी बात को लेकर विवाद हुआ और राशिद ने गुस्से में आकर दोनों को गोली मार दी।
वारदात के बाद आरोपी राशिद मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए तीन टीमों का गठन किया है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फील्ड यूनिट द्वारा मौके का निरीक्षण कराया गया है और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। परिजनों से तहरीर ली जा रही है, जिसके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
गाजियाबाद पुलिस उपायुक्त ग्रामीण सुरेन्द्र नाथ तिवारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हत्या का आरोप राशिद पर ही सामने आया है और जल्द ही उसकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।
इस दोहरे हत्याकांड के बाद पूरे रामपार्क और आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल है। लोग घटना को लेकर स्तब्ध हैं और पुलिस से जल्द आरोपी की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित