गाजियाबाद , अगस्त 19 -- उत्तर प्रदेश में गाजियाबाद जिले के भोजपुर थाना पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान दो लुटेरों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से एक चोरी की मोटरसाइकिल, दो 315 बोर के तमंचे, तीन जिंदा कारतूस, तीन खोखा कारतूस तथा 28 जुलाई को लूटा गया लैपटॉप और अन्य महत्वपूर्ण कागजात बरामद किए गए हैं।
बुधवार को सहायक पुलिस आयुक्त मोदीनगर श्री भास्कर वर्मा ने बताया कि भोजपुर थाना पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान दो लुटेरों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल, अवैध हथियार और कारतूस के साथ 28 जुलाई को लूटा गया लैपटॉप एवं अन्य कागजात बरामद हुए हैं। अभियुक्तों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अपराध और लूट की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
भोजपुर थाना पुलिस क्षेत्र में अपराधियों की धरपकड़ के लिए जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान पुलिस की टीम का संदिग्धों से सामना हुआ। पुलिस को देखकर आरोपियों ने कथित तौर पर भागने का प्रयास किया और पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई के दौरान पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित