गाजियाबाद , फरवरी 18 -- त्तर प्रदेश में जिला गाजियाबाद के विजय नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत करंट की चपेट में आने से पांच गोवंश की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों में भारी रोष देखने को मिला।

पुलिस द्वारा बुधवार को जानकारी दी गई, उन्होंने बताया कि विजयनगर थाना क्षेत्र में एक स्थान पर पांच गोवंश मृत अवस्था में पाए गए। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ग्यारह हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन टूटकर नीचे गिर गई थी, जिससे आसपास के क्षेत्र में करंट फैल गया। इसी करंट की चपेट में आने से गोवंश की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करते हुए जांच शुरू की। पुलिस ने मृत गोवंशों को हटवाकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की तथा बिजली विभाग को तत्काल सूचना दी। प्रशासन का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और यदि लापरवाही पाई गई तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

घटना की खबर मिलते ही स्थानीय लोग और विभिन्न हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता मौके पर एकत्र हो गए। उन्होंने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए इसे घोर लापरवाही बताया। संगठनों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस सुरक्षा उपाय करने की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित