गाजा सिटी , सितंबर 13 -- दक्षिणी गाजा सिटी में रविवार को इजरायली ड्रोन ने एक नागरिक वाहन को निशाना बनाया, जिसमें दो फिलस्तीनी मारे गये और 13 अन्य घायल हो गये। चिकित्सा सूत्र ने यह जानकारी दी।
सूत्र के अनुसार, ड्रोन ने तेल अल-हवा इलाके में एक वाहन को निशाना बनाया। इस हमले में वाहन के अंदर मौजूद दो लोगों की मौत हो गयी और 13 अन्य घायल हो गये।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, वाहन पर दो मिसाइलें दागी गयीं, जिससे उसमें सवार दोनों लोगों की मौत हो गयी और आसपास मौजूद लोग घायल हो गये।
इस बीच, स्थानीय सूत्रों ने बताया कि इजरायली बलों ने मध्य गाजा में बुरेज शरणार्थी शिविर के उत्तर-पूर्व में फिलस्तीनियों के घरों की ओर तोप के गोले दागे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इजरायली सैन्य वाहनों ने दक्षिणी खान यूनिस में विस्थापित फिलस्तीनियों के ठिकानों और टेंटों पर भारी गोलीबारी की, जबकि इजरायली युद्धपोतों ने शहर के तट की ओर गोलीबारी की।
बताया गया है कि ये हमले 10 अक्टूबर 2025 से लागू संघर्षविराम समझौते के बावजूद हुए। गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, शनिवार तक संघर्षविराम के उल्लंघन में इजरायली हमलों में 1,369 फिलस्तीनी मारे गये और 4,627 अन्य घायल हुए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित