यरूशलम , सितंबर 23 -- इजराइल ने बुधवार को दावा किया कि उसकी सेना ने गाजा के खान यूनिस में एक सटीक हवाई हमले में हमास के वित्त विभाग के प्रमुख मोहम्मद अबू अलवान को मार गिराया है।

इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज़ ने एक संयुक्त बयान जारी कर पुष्टि की कि यह अभियान हमास के वित्तीय नेटवर्क को नष्ट करने के उद्देश्य से चलाया गया था।

सोशल मीडिया पर जारी एक संयुक्त बयान में सर्वश्री नेतन्याहू और काट्ज़ ने इस सटीक कार्रवाई के लिए इजरायली सेना और आंतरिक सुरक्षा एजेंसी 'शिन बेट' की सराहना की। उन्होंने कहा कि इजराइल इस्लामी आतंकवादी संगठन के कमांडरों, उनके धन के स्रोतों और उनके बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना जारी रखेगा। दोनों नेताओं ने स्पष्ट किया, "हम हमास को अपनी ताकत फिर से जुटाने की अनुमति नहीं देंगे, और हम तब तक नहीं रुकेंगे जब तक कि गाजा से हमास का पूरी तरह सफाया नहीं हो जाता।"फिलिस्तीनी चिकित्सा अधिकारियों के अनुसार, यह लक्षित हमला पश्चिमी खान यूनिस में एक वाहन को निशाना बनाकर किया गया। इस हमले में अबू अलवान के साथ ओसामा अबू खाटर नामक एक अन्य व्यक्ति की भी मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए।

इजराइल का यह सैन्य अभियान ऐसे समय में हुआ है जब अंतरराष्ट्रीय 'बोर्ड ऑफ पीस' गाजा के लिए छह महीने की 2.45 अरब डॉलर की रिकवरी योजना पेश करने की तैयारी कर रहा है। 66 परियोजनाओं वाले इस प्रस्ताव में अस्थायी आवास, मलबा हटाना, अस्पतालों की मरम्मत, आर्थिक सुधार और एक बहुराष्ट्रीय सुरक्षा बल की तैनाती शामिल है।

इस योजना के तहत सीमा चौकियों की मरम्मत, क्षतिग्रस्त बिजली और पानी के नेटवर्क को बहाल करना और 25,000 पोर्टेबल सोलर पावर किट वितरित करना भी प्रस्तावित है। रिपोर्टों के अनुसार, युद्ध के कारण पूरे गाजा में अनुमानित 35.2 अरब डॉलर की संपत्ति का नुकसान हुआ है, जबकि अगले एक दशक में पूर्ण पुनर्निर्माण में लगभग 71.4 अरब डॉलर का खर्च आ सकता है। योजना में प्राथमिकता वाले क्षेत्रों के नीचे बनी सुरंगों को स्थायी रूप से भरने का प्रावधान भी शामिल है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित