गाजियाबाद , जून 19 -- उत्तर प्रदेश में जनपद गाजियाबाद स्थित नंदग्राम थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। विवाद के दौरान हुई गोलीबारी में एक युवक गोली लगने से घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया गया। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है तथा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस द्वारा जानकारी देते हुए बताया गया कि,आज दोपहर को नंदग्राम थाना पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि क्षेत्र में दो पक्षों के बीच मारपीट और फायरिंग की घटना हुई है। सूचना पर तत्काल पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई।
प्रारंभिक जांच में पता चला कि एक पक्ष में चार से पांच युवक शामिल थे, जबकि दूसरे पक्ष में आठ से दस युवक मौजूद थे। इसी दौरान दूसरे पक्ष के दो युवकों ने फायरिंग कर दी। गोली लगने से पहले पक्ष का एक युवक घायल हो गया। घायल के हाथ में गोली लगी है, जिसे तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल गाजियाबाद भेजा गया।
घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फायरिंग करने वाले दोनों आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित