गाज़ियाबाद , अप्रैल 07 -- उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के विजय नगर थाना क्षेत्र के राहुल विहार अंडरपास के पास मंगलवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब चलती कार में अचानक आग लग गई। घटना के दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार सामान्य रूप से सड़क पर चल रही थी, तभी अचानक उसमें से धुआं उठने लगा। स्थिति को भांपते हुए चालक ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए गाड़ी को सड़क किनारे रोका और तुरंत बाहर निकल गया। चालक की इस सतर्कता से उसकी जान बच गई।

कुछ ही क्षणों में कार ने भीषण आग पकड़ ली और देखते ही देखते पूरा वाहन आग के गोले में तब्दील हो गया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास से गुजर रहे लोगों में दहशत फैल गई। फ्लाईओवर से गुजर रहे कई वाहन चालकों ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया, जो तेजी से वायरल हो रहा है।

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र को सुरक्षित करते हुए यातायात को नियंत्रित किया। एहतियात के तौर पर पुलिस ने जलती कार के पास से वाहनों और राहगीरों की आवाजाही अस्थायी रूप से रोक दी, ताकि कोई जनहानि न हो।

इसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है लेकिन पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है।

गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। समय रहते चालक के सतर्क होने और प्रशासन की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित