अलवर , मार्च 21 -- राजस्थान में कोटपुतली बहरोड़ जिले के बानसूर क्षेत्र में शुक्रवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब आबादी क्षेत्र में एक तेंदुआ घर के बाहर घूमता हुआ दिखाई दिया।
यह पूरी घटना घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गयी, जिसके बाद ग्रामीणों में भय व्याप्त हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बहराम का बास गांव में देर रात तेंदुआ चुपचाप गांव की गलियों में घूमता नजर आया। सुबह जब परिजनों ने सीसीटीवी फुटेज देखा, तो वे दहशत में आ गये और तुरंत इसकी सूचना आसपास के लोगों को दी। देखते ही देखते यह वीडियो पूरे गांव में फैल गया, जिससे लोगों में भय और चिंता बढ़ गयी। ग्रामीणों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। पिछले कुछ दिनों से गांव के आसपास एक नहीं बल्कि कई तेंदुए देखे जा रहे हैं। कई बार तो दिन के समय में भी खेतों और आबादी क्षेत्र के नजदीक उनकी मौजूदगी देखी गयी है। इससे खासकर किसानों और पशुपालकों की चिंता बढ़ गयी है, क्योंकि खेतों में काम करने और मवेशियों को चराने में खतरा महसूस हो रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि बच्चे और महिलाएं अब अकेले घर से बाहर निकलने में डर रहे हैं। शाम होते ही लोग अपने घरों में दुबकने को मजबूर हो जाते हैं। इस स्थिति ने पूरे गांव में भय का माहौल बना दिया है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से जल्द से जल्द कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि तेंदुए को सुरक्षित तरीके से पकड़कर जंगल में छोड़ा जाए, ताकि किसी तरह की जनहानि न हो।
अब देखना यह होगा कि वन विभाग कब तक इस मामले में सक्रिय होकर ग्रामीणों को राहत दिलाता है। फिलहाल गांव में लोग सतर्कता बरतते हुए अपने स्तर पर सुरक्षा के उपाय कर रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित