बारां , जून 19 -- राजस्थान के बारां में "विधायक आपके द्वार" कार्यक्रम के तहत बारां-अटरू विधायक राधेश्याम बैरवा की जन संवाद यात्रा शुक्रवार को बारां देहात मंडल के विभिन्न गांवों में पहुंची।
मंडल अध्यक्ष अमरदीप सिंह केदाहेड़ी के नेतृत्व में आयोजित यात्रा के दौरान लुहारिया, हिकड़, तेजपुरा, केदाहेड़ी, हनोतिया और गूगलहेड़ी- जालेड़ा सहित कई गांवों में ग्रामीणों से सीधा संवाद करके उनकी समस्याएं सुनी गईं।
यात्रा के दौरान श्री बैरवा ने ग्रामीणों के बीच बैठकर बिजली, पानी, सड़क, नाली, आवास, पेंशन एवं अन्य जनसुविधाओं से संबंधित समस्याओं की जानकारी ली। कई मामलों में उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल निर्देश देकर समाधान की प्रक्रिया शुरू करवाई। ग्रामीणों ने क्षेत्र में हुए विकास कार्यों के लिए विधायक का आभार व्यक्त करते हुए अपनी मांगों और सुझावों से भी अवगत कराया।
गांवों में जन संवाद यात्रा को लेकर उत्साह का माहौल देखने को मिला। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने विधायक का स्वागत करके अपनी अपेक्षाएं और सुझाव साझा किये।
इस अवसर पर श्री बैरवा ने कहा कि जन संवाद यात्रा का उद्देश्य आमजन की समस्याओं को उनके गांवों में पहुंचकर सुनना और उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें।
उन्होंने कहा कि जनता का स्नेह और विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है, जिसके बल पर बारां-अटरू विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को नयी गति मिल रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित