पुष्कर (अजमेर) , मई 11 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गांव के जीवन स्तर को बेहतर बनाना राज्य सरकार का लक्ष्य बताते हुए किसानों से परंपरागत खेती से आगे बढ़कर आधुनिक एवं जैविक खेती को अपनाने की अपील की हैं।
श्री शर्मा रविवार रात पुष्कर के कड़ैल गांव में ग्राम विकास चौपाल कार्यक्रम में किसानों एवं युवाओं से संवाद कर रहे थे। उन्होंने कहा कि किसानों को आधुनिक एवं जैविक खेती को अपनाना चाहिए जिससे उनकी आय में वृद्धि हो सके। उन्होंने कहा कि पशुपालन भी किसान की आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाता है और कृषि, डेयरी और सहकारिता क्षेत्र की मजबूती से हमारे गांव समृद्ध बनेंगे।
उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र में बदलावों को अपनाना बेहद जरूरी है। इसलिए स्थानीय क्षेत्र की पैदावार के अनुसार ही प्रोसेसिंग यूनिट लगाने से किसान की आर्थिक स्थिति मजबूत बनेगी। किसानों को खेती के साथ ही फलदार वृक्ष लगाकर अपनी आमदनी में वृद्धि करनी चाहिए। साथ ही, इससे पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा कि केन्द्र एवं राज्य सरकार किसानों को सम्मान निधि दे रही है। गेंहू खरीद पर 150 रुपये का बोनस भी दिया जा रहा है। प्रदेश में पशुपालकों को गोपाल क्रेडिट कार्ड योजना एवं मंगला पशु बीमा योजना का लाभ मिल रहा है। पशुओं के इलाज के लिए मोबाइल यूनिट वैन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। प्रदेश में दूध संकलन केन्द्रों की संख्या में वृद्धि की जा रही है। मुख्यमंत्री दुग्ध उत्पादक संबल योजना में 5 रुपये प्रति लीटर का अनुदान दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान कृषि विभाग की योजनाओं का लाभ उठाकर आधुनिक खेती करें। हमारी सरकार कृषकों के लिए 23 से 25 मई तक ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट का आयोजन करने जा रही है। राज्य सरकार प्रदेश में सहकारिता को मजबूत बना रही है। नए पैक्स खोले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कर्मभूमि से मातृभूमि अभियान के जरिए जल संरक्षण की दिशा में ग्रामीण क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य किया जा रहा है।
उन्होंन कहा कि गांवों में हर वर्ग के विकास से ही खुशहाली आयेगी। युवाओं को स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार के लिए हमारी सरकार ऋण उपलब्ध करवा रही है। राइजिंग राजस्थान के एमओयू धरातल पर उतर रहे हैं। जिससे युवाओं को रोजगार मिल रहा है। उन्होंने कहा कि प्याज भंडारण के लिए हमारी सरकार अनुदान दे रही है। जिसका लाभ उठाकर फसल की अच्छी कीमत प्राप्त की जा सकती है।
उन्होंने कहा कि हमारी सरकार पारदर्शी भर्ती परीक्षाएं आयोजित कर रही है। कड़ैल गांव के ही 13 युवाओं को सरकारी पदों पर नियुक्तियां मिली हैं। वहीं, कुशल चौधरी ने आरएएस भर्ती परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त इस गांव का नाम रोशन किया है। मुख्यमंत्री ने कबड्डी खिलाड़ी विजय सिंह को पदक जीतने पर बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के पश्चात कड़ैल गांव के निवासी लादू मेघवाल के घर भोजन किया और उनके परिजनों से आत्मीय मुलाकात की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित