जयपुर , अप्रैल 27 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष एवं सांसद नितिन नवीन ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अंत्योदय के संकल्प को साकार करते हुए अंतिम छोर के व्यक्ति का कल्याण सुनिश्चित कर रहे हैं वहीं राजस्थान सरकार नवीन विकसित भारत 2047 के संकल्प को सिद्धि तक पहुंचाने के लिए विकसित राजस्थान 2047 का रोडमैप बनाकर कार्य कर रही है और आमजन तक कल्याणकारी योजनाएं पहुंच रही हैं।

श्री नवीन मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के साथ 23 से 25 मई तक राजस्थान की राजधानी जयपुर में आयोजित होने वाले ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट-2026 (ग्राम-2026) को लेकर सोमवार को यहां 15 दिवसीय ग्राम रथ अभियान की शुरूआत करने के अवसर पर यह बात कही। उन्होंने कहा कि अंत्योदय के संकल्प को साकार करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अंतिम छोर के व्यक्ति का कल्याण सुनिश्चित कर रहे हैं। जनधन खातों के जरिए यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि गरीब एवं सामान्य परिवार का व्यक्ति स्वाभिमान के साथ आगे बढ़े वहीं मेक इन इंडिया के तहत स्टार्टअप से लेकर स्किल इंडिया तक को आगे बढ़ाया जा रहा है ताकि देश के युवा के हुनर को अपने ही देश की विकास की योजनाओं में उपयोग किया जा सके।

उन्होंने राज्य सरकार की ओर से दो साल में किए गए विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर श्री शर्मा की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में राजस्थान के विकास को नई रफ्तार मिली है। किसानों की आय को दुगुना करने और किसानों को समृद्ध बनाने के लिए राज्य सरकार लगातार कार्य कर रही है। इसी कड़ी में ग्राम रथों को प्रदेश के हर गांव तक पहुंचाने का अभियान सराहनीय है।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास को लेकर राज्य सरकार जिस संकल्प को लेकर कार्य कर रही है, उसे देखते हुए राजस्थान विकास के पथ पर तेजी से और आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तीकरण और युवाओं के भविष्य को सुदृढ़ करने के लिए भी राज्य सरकार अच्छा कार्य कर रही है। राइजिंग राजस्थान समिट के जरिए प्रदेश में निवेश के साथ रोजगार के अवसर सृजित किए गए हैं।

श्री शर्मा ने कहा कि कृषि, किसान और गांव सशक्त होने से ही भारत आत्मनिर्भर बनेगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के इसी विजन से प्रेरित होकर राज्य सरकार गांव और किसान को सशक्त करने का कार्य कर रही है। इसी कड़ी में ग्राम रथों के जरिए ना केवल लोगों तक उनके हितों की जानकारी पहुंचाई जाएगी, बल्कि इन रथों में एक सुझाव पेटिका भी रखी गई है। जिसके जरिए आमजन अपनी समस्याएं और सुझाव सीधे सरकार तक पहुंचा सकेंगे। रथों के साथ जिलों में अधिकारियों को भी भेजा जाएगा, जो राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन 181 पर प्राप्त शिकायतों का तत्काल निस्तारण करेंगे।

उन्होंने कहा कि हमारी सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए कृषि का मजबूत इको-सिस्टम विकसित करने के लिए कार्य कर रही है और ग्राम-2026 का आयोजन उसी दिशा में एक ठोस कदम है। इसमें कृषि उत्पादन, कृषि तकनीक, फूड प्रोसेसिंग, बागवानी व पशुपालन से जुड़ी कई कंपनियां, इंडस्ट्रीज, तकनीकी एक्सपर्ट्स और हजारों किसान एक मंच पर आकर कृषि क्षेत्र को नई ऊंचाई देने पर मंथन करेंगे।

उन्होंने कहा कि किसानों को खेती, पशुपालन, बागवानी से जुड़ी उन्नत तकनीकें जानने का अवसर मिलेगा। साथ ही निवेशकों को राजस्थान के कृषि क्षेत्र में उपलब्ध भरपूर संभावनाओं से रूबरू होने का मंच मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश के किसान को सशक्त करने के लिए किसान सम्मान निधि, किसान मान-धन, फसल बीमा, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, एग्रीकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर फंड समेत कई योजनाएं चलाई हैं वहीं देशवासियों का गरिमापूर्ण जीवन सुनिश्चित करने के लिए प्रधानमंत्री आवास, प्रधानमंत्री उज्ज्वला, स्वामित्व, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा, स्वच्छ भारत मिशन जैसी योजनाओं के जरिए हर वर्ग का विकास सुनिश्चित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि जनता की आकांक्षाओं को जानने, समस्याओं को समझने और उनका समाधान करने के लिए फील्ड में जाना जरूरी है। इसी सोच के साथ राज्य सरकार ने जनवरी-फरवरी में ग्राम उत्थान शिविरों का आयोजन किया, जिनमें विभिन्न विभागों ने एक ही स्थान पर लोगों की समस्याओं का समाधान किया। वहीं, राजस्थान दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री विकसित ग्राम-वार्ड अभियान की शुरुआत की गई। जिसके जरिए वर्ष 2047 तक गांवों के विकास का व्यापक मास्टर प्लान तैयार किया जा रहा है।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी एवं डॉ. प्रेमचंद बैरवा, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद मदन राठौड़,सांसद मंजू शर्मा, कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीना, संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास तथा अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आमजन मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित