बारां , मई 01 -- राजस्थान में राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्याें की जानकारीे आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से बारां जिले में चार एलईडी मोबाईल वैन से 15 दिवसीय ग्राम रथ अभियान के तहत शुक्रवार को भी विभिन्न गांवों में ऑडियो वीडियो एवं नुक्कड़ नाटक के माध्यम से योजनाओं का संदेश दिया गया।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि इस अभियान के जरिए जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों में मोबाईल वैन की एलईडी स्कीन पर किसानों को खेती बाडी की आधुनिक तकनीकों और उन्नत कृषि पद्धतियों के बारे में जानकारी दी जा रही है और संध्या चौपाल एवं कला जत्था के माध्यम से ग्रामीणों को योजनाओं के प्रति जागरूक किया जा रहा है। ग्रामीणों के सुझावों के लिए रथों पर सुझाव पेटिका रखी गई है। जिनके जरिए प्राप्त सुझावों का विश्लेषण करके भविष्य में सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन को और अधिक जनोपयोगी और पारदर्शी बनाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि ग्रामीण बहुल विधानसभा क्षेत्र अंता में ग्राम रथों से राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार करके जन-जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिनमें एलईडी स्क्रीन के माध्यम से मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के संदेश प्रसारित करके जनता और सरकार के बीच सीधा संवाद स्थापित किया जा रहा है। योजनाओं को रोचक बनाने के लिए लोक कलाकारों द्वारा शाम के समय गांवों में 'संध्या चौपाल' में कला जत्था के माध्यम से योजनाओं को गीतों और नाटकों के जरिए प्रभावी ढंग से समझाया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित