पौड़ी , अक्टूबर, 02 -- राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर दोनों महापुरुषों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को इसकी शुरुआत स्वयं से करनी होगी। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से जनता के साथ बेहतर संवाद और सहभागिता स्थापित कर जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी सहित अधिकारियों ने महात्मा गांधी एवं श्री शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान महात्मा गांधी के प्रिय भजनों रामधुन और 'वैष्णव जन तो तेने कहिए' का गायन किया गया। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज पौड़ी की छात्राओं और भातखंडे हिन्दुस्तानी संगीत महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। आदर्श बाल विद्यालय नंबर-5 के बच्चों ने दोनों महापुरुषों के जीवन और आदर्शों पर आधारित नाटिका प्रस्तुत की।

जिलाधिकारी ने कहा कि महात्मा गांधी का सत्य, अहिंसा और स्वच्छता का संदेश आज भी प्रासंगिक है। वहीं, पूर्व प्रधानमंत्री का सादा जीवन, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करे और जरूरतमंदों की सहायता के साथ स्वच्छता को अपनाए तो समाज में व्यापक बदलाव संभव है। प्रशासन को भी जनता से दूरी बनाने के बजाय उसके साथ मिलकर कार्य करना चाहिए, ताकि विकास योजनाओं का लाभ प्रभावी ढंग से लोगों तक पहुंच सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित