नयी दिल्ली , अक्टूबर 02 -- राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती तथा दिल्ली प्रदेश कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष ताजदार बाबर की पुण्यतिथि पर दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव सहित वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने महापुरुषों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

इस मौके पर श्री यादव ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा, त्याग और सत्याग्रह के माध्यम से देश की स्वतंत्रता में ऐतिहासिक भूमिका निभायी। उनके विचार आज भी सामाजिक सद्भाव, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्रीय एकता के लिए प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री ने सादगी, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा का आदर्श प्रस्तुत किया। उनका नारा 'जय जवान, जय किसान' आज भी किसानों और जवानों के योगदान का प्रतीक है।

श्री यादव ने ताजदार बाबर को समर्पित कांग्रेस नेता बताते हुए कहा कि उन्होंने महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने और कमजोर एवं वंचित वर्गों की आवाज उठाने के लिए कार्य किया।

कार्यक्रम में प्रो. किरण वालिया, फरहाद सूरी, अब्दुल रहमान समेत कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित