पटना , अक्टूबर 07 -- ांधी मैदान, पटना में इस वर्ष दशहरा महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। श्री कृष्ण स्मारक विकास समिति तथा कला एवं संस्कृति विभाग के सौजन्य से आयोजित होने वाला दशहरा महोत्सव 11 अक्टूबर से 14 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। गाँधी मैदान में ही 11 अक्टूबर से 20 अक्टूबर 2026 तक रामलीला का भी आयोजन होगा। आयोजन को सुरक्षित, सुव्यवस्थित, सुविधाजनक एवं भव्य स्वरूप प्रदान करने के लिए सभी आवश्यक तैयारियाँ ससमय पूर्ण करने का निर्देश प्रमंडलीय आयुक्त राजेश कुमार ने संबंधित पदाधिकारियों को दिया।
आयोजन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए प्रमंडलीय आयुक्त ने कहा कि गांधी मैदान में आयोजित होने वाले इन महोत्सवों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं दर्शकों के आने की संभावना है। इसे देखते हुए सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था के साथ-साथ आमजन की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने पर्याप्त संख्या में मजिस्ट्रेट एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति करने तथा कार्यक्रम स्थल पर प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।उन्होंने यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने तथा वाहनों के लिए पर्याप्त एवं व्यवस्थित पार्किंग की व्यवस्था करने को कहा। कार्यक्रम स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखने के लिए नगर निगम को नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही, गांधी मैदान में लगी सभी लाइटों की जांच कर उन्हें दुरुस्त कराने तथा पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
महोत्सव की अवधि में निर्बाध एवं पर्याप्त विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए पेसू के अधिकारियों को आवश्यक तैयारियाँ समय से पूर्ण करने का निर्देश दिया गया। साथ ही, आयोजन प्रबंधन को विद्युत आपूर्ति के लिए वैकल्पिक व्यवस्था रखने को भी कहा गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित